
विमेंस हॉकी में भारत का ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा:पेनाल्टी शूटआउट में न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया, कॉमनवेल्थ हॉकी में भारतीय महिला टीम को पहला ब्रॉन्ज
- Uncategorized @hi
- 07․08․2022
बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इस मुकाबले में भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती थी। मुकाबले के 29वें मिनट में भारत ने पहला गोल किया । यह गोल सलीमा टेटे ने किया। तीसरे क्वार्टर के बाद भारत 1-0 से आगे था।

आखिरी मिनट में पहला गोल दागकर न्यूजीलैंड ने बराबरी हासिल कर ली। दोनों टीमों के बीच विजेता का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। भारत ने पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से मुकाबला जीत लिया। भारतीय गोलकीपर सविता ने शूटआउट में चार गोल बचाए।
फर्स्ट हाफ की शुरुआत में इंडियन प्लेयर्स में समन्वय की कमी साफ नजर आ रही थी। इसके बाद रफ टैकल करने के लिए न्यूजीलैंड की खिलाड़ी इक्विडोर को 2 मिनट के लिए बाहर कर दिया गया।

सेमीफाइनल में मिली हार की नाकामी को भुलाते हुए भारतीय महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में लगातार दबदबा बनाए रखा।
2006 में आखिरी बार विमेंस हॉकी में भारत ने सिल्वर मेडल जीता था। इसके पहले 2002 में भारतीय महिला टीम ने हॉकी में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। कॉमेनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने गोल्ड और सिल्वर पहले जरूर जीता था लेकिन कभी ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा नहीं जमाया था।
इस बार ब्रॉन्ज जीतकर भारत ने वह कमी भी पूरी कर दी। 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल मुकाबलों में भारतीय टीम को जहां ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था, वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड के हाथों शिकस्त खाई थी।

भारत के पहले गोल के बाद दोनों टीम लगातार आक्रामक हॉकी खेलती नजर आईं।
दोनों ही टीमों ने पेनाल्टी शूटआउट में गंवाया था सेमीफाइनल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला बेहद रोचक होने के आसार थे। दरअसल, दोनों ही टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले बेहद की करीब से गंवाए थे। फुल टाइम तक दोनों टीमों ने अपनी विपक्षी टीमों को बराबरी पर रोककर रखा था लेकिन शूट ऑउट में इन्होंने मैच गंवा दिए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-3 से शूट आउट गंवाया और न्यूजीलैंड को इंग्लैंड ने 2-0 से शूट आउट में शिकस्त दी।
भारत ने अपने पूल में 4 में से 3 मुकाबले जीते थे
भारतीय टीम ने इस कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने पूल-ए के चार में से तीन मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री की थी। उसने कनाडा, वेल्स और घाना को शिकस्त दी थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे मैच गंवाना पड़ा था। उधर, पूल-बी में न्यूजीलैंड ने बेहद ही धमाकेदार अंदाज में तीन जीत दर्ज की थी। न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका और केन्या को एकतरफा शिकस्त दी थी। हालांकि उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शिकस्त मिली।